सहारनपुर। मानकमऊ स्थित पूर्वी यमुना नहर में बुजुर्ग महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। थाना कुतुबशेर पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलाया और शनाख्त का प्रयास किया, लेकिन मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
थाना कुतुबशेर क्षेत्र में अंबाला रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर में एक युवक ने शनिवार की दोपहर करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला शव पानी में देखा। युवक ने मामले की जानकारी थाना कुतुबशेर पुलिस को दी। शव जब मानकमऊ स्थित पूर्वी यमुना नहर में पहुंच गया, वहां पर गोताखोरों की मदद से पुलिस ने शव का बाहर निकलवाया। महिला सफेद रंग का ब्लाउज और साड़ी पहने हुए है। नहर में पीछे से बहकर महिला का शव आया है। पुलिस पहचान करने में जुटी है। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मृतका की शनाख्त नहीं हो पाई है।