सहारनपुर। कैलाश विहार में एक बुजुर्ग पर आवारा कुत्तों ने हमला कर घायल कर दिया। क्षेत्रवासियों ने किसी प्रकार कुत्तों को भगाकर बुजुर्ग को बचाया। इसके पश्चात बुजुर्ग को अस्पताल में उपचार दिलाया गया।
बेहट रोड स्थित कैलाश विहार निवासी अब्दुल वहाब (65) शनिवार की सुबह नमाज पढ़ने जा रहे थे। कॉलोनी में आवारा कुत्तों के झुंड ने उन्हें घेर लिया। कुत्तों कई जगहों पर अब्दुल वहाब के शरीर पर काटकर घायल कर दिया। शोर मचाए जाने पर लोग एकत्र हुए और कुत्तों को भगाया। इसके अब्दुल वहाब को उपचार दिलाया गया।
क्षेत्रवासी मसीउल्लाह बेग उर्फ मिर्जा और शमीम का कहना है कि कॉलोनी में आवारा कुत्तों ने लोगों को परेशान कर रखा है। कुत्ते आए दिन बच्चों को भी काटकर घायल कर रहे हैं। नगर निगम में शिकायत करने के बावजूद कुत्तों को पकड़ा नहीं जा रहा है। बता दें कि शुक्रवार को थाना मिर्जापुर के गांव पांडली में आवारा कुत्तों ने बालक नोंचकर खा लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। जिले में पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बाद भी आवारा कुत्तों को पकड़ा नहीं जा रहा है।