फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दस हजार तक प्लेटलेट्स है तो घबराएं नहीं

विज्ञापन
डाक्टर अनिल वोहरा - फोटो : SAHARANPUR
विज्ञापन
सहारनपुर। वायरल बुखार और संचारी रोगों का मौसम है। प्लेटलेट्स को लेकर आम लोगों में भ्रम की स्थिति है। ज्यादातर लोग प्लेटलेट्स कम होने को डेंगू मान लेते हैं, जो सही नहीं है। करीब आधा दर्जन बीमारियां हैं, जिनमें प्लेटलेट्स कम हो सकती हैं। सबसे खास बात प्लेटलेट्स यदि दस हजार तक हैं और ब्लीडिंग नहीं हो रही है तो भी घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि योग्य चिकित्सक से इलाज जरूरी है।
विज्ञापन

बीते करीब दो माह से वायरल बुखार चल रहा है। टायफाइड के मरीज भी बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं। डेंगू के भी 23 मामले अभी तक सामने आ चुके हैं। ऐसे में बुखार के मरीज भयभीत हैं। कई लोग जानकारी के अभाव में या फिर झोलाछाप डॉक्टरों की सलाह पर डेंगू की जांच करा रहे हैं। एसबीडी जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. अनिल वोहरा ने बताया कि डेंगू गंभीर बीमारी जरूर है, मगर इसमें घबराने की नहीं, बल्कि सही इलाज की जरूरत है। मरीजों को चाहिए कि डेंगू जैसे लक्षण होने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में संपर्क कर जांच और इलाज कराएं। उन्होंने बताया कि डेंगू के 99 फीसदी मरीज सामान्य दवाओं से 10 से 15 दिन में ठीक हो जाते हैं। एक फीसदी ही मरीज गंभीर अवस्था में पहुंचते हैं। फिजीशियन डॉ. संजीव मिगलानी ने बताया कि प्लेटलेट्स कम होने का मतलब डेंगू होना नहीं होता। प्लेटलेट्स डेंगू के साथ ही वायरल बुखार, मलेरिया, चिकनगुनिया, किडनी और लीवर फेलियर आदि में भी कम हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि सामान्य व्यक्ति में प्लेटलेट्स की संख्या डेढ़ लाख से साढ़े चार लाख तक होती है, लेकिन मरीज में प्लेटलेट्स 25 से 50 हजार तक आने पर लोग घबरा जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्लेटलेट्स दस हजार भी है तो घबराने की जरूरत नहीं है, बशर्ते शरीर के किसी हिस्से से ब्लीडिंग न हो। मगर योग्य चिकित्सक से इलाज जरूरी है। उन्होंने बताया कि डेंगू तीन प्रकार का होता है। पहला सामान्य डेंगू, दूसरा डेंगू हेमरेजिक बुखार और तीसरा डेंगू शॉ सिंड्रोम है।
विज्ञापन

सामान्य डेंगू के लक्षण
-सिर दर्द और आंखों के पीछे दर्द होना।
-मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द।
-नाक, मुंह, आंखों, पेशाब या लेट्रिन में खून का आना।
-पेट में दर्द और उल्टी होना।
-शरीर पर चकत्ते होना।
डेंगू हेमरेजिक बुखार के लक्षण
-प्लेटलेट्स का एक लाख से कम होना।
-प्लाज्मा लीकेज होना, जिसमें पेट, फेफड़ों और दिल में पानी आना आदि।
-खून की उल्टी, काली लेट्रिन, पेशाब में खून, नाक व मसूड़ों से खून आना।
डेंगू शॉ सिंड्रोम के लक्षण
-ब्लड प्रेशर का 90 से नीचे आना।
-नब्ज का 110 से ऊपर चले जाना।
-हाथ और पैरों का डंडा पड़ना।
डेंगू के जटिल लक्षण
-बुखार के साथ उल्टी होना और पेट में तेज दर्द।
-बहुत अधिक सुस्ती आना और बेचैनी होना।
-पेशाब का नहीं आना और सांस फूलना।
-हाथों और पैरों में सूजन आना।
-प्लेटलेट्स का तेजी से कम होना।
-खून की जांच में हिमेटासेक्रिट का बढ़ना।
-लीवर का बढ़ना और पेट में पानी होना।

डाक्टर संजीव मिगलानी- फोटो : SAHARANPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें