सहारनपुर। मंडलायुक्त लोकेश एम. ने बुधवार को कलक्ट्रेट का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था को देखा। उन्होंने कलक्ट्रेट के सभी कार्यालयों में जाकर पटल सहायकों से जानकारी ली। कलक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिये गये कि कलक्ट्रेट के समस्त पटल सहायकों के टेबल पर कार्य विभाजन का आदेश उपलब्ध होना, कार्यालय की प्रत्येक अलमारियों पर पत्रावलियों, अभिलेखों का विवरण अंकित होना जरुरी है।
मंडलायुक्त ने सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत रजिस्टर एवं पत्रावलियों को अद्यतन रखना, रिकार्ड रूम के रख-रखाव, सफाई व्यवस्था एवं अभिलेखों के सुरक्षित रखने के लिए नियमित कीटनाशक घोल का छिड़काव आदि की व्यवस्था रखने को भी कहा। उन्होंने स्थानीय निकाय लिपिक को जनपद की सभी नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों में उपलब्ध धनराशि के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। राजस्व न्यायालयों में पांच वर्ष से अधिक के लम्बित 115 राजस्व वादों के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी, सभी एसडीएम और डिप्टी कलेक्टर मौजूद रहे।