सहारनपुर। मंडलायुक्त लोकेश एम ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय पुवांरका का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाई गई अव्यवस्था पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रधानाध्यापिका मधु रानी, सहायक अध्यापिका भावना मदान एवं निधि राणा के अनुपस्थित रहने और उपस्थिति रजिस्टर में छुट्टी का प्रार्थना पत्र न मिलने पर संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बृृृृहस्पतिवार को किए गए औचक निरीक्षण में मंडलायुक्त को हिंदी के प्रवक्ता अरविंद राय 22 दिसंबर से अनुपस्थित मिले। विद्यालय की असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट अर्चना शर्मा भी 20 दिसंबर से छुट्टी पर मिलीं। 398 बालिकाओं में से 176 उपस्थित और 222 बालिकाएं अनुपस्थित मिलीं। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को सभी व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने और अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बालिकाएं कक्षाओं से बाहर मिलीं। मंडलायुक्त ने शौचालय, पेयजल, प्रकाश, पाठ्य पुस्तक तथा अन्य सामग्री की व्यवस्था तत्काल सुदृढ़ कराने के निर्देश दिए। छात्राओं ने गर्म पानी के लिए गीजर, पीने के पानी के लिए आरओ और महिला होमगार्ड की तैनाती की आवश्यकता बतायी। इस दौरान उप निदेशक महिला कल्याण पुष्पेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।