सदर तहसील में प्रदर्शन करते रालोद कार्यकर्ता
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। ब्याज सहित बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने सहित अन्य मांगों को लेकर राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने तहसील सदर पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई और उपजिलाधिकारी सदर अनिल कुमार सिंह को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
शनिवार को सदर तहसील पहुंचे महानगर अध्यक्ष रमेश चौहान और चौधरी पदम सिंह ने कहा कि सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आम उपभोक्ताओं के लिए बिजली का बिल आधा करने और किसानों को निशुल्क बिजली देने की मांग की। प्रदेश सचिव भूरा मलिक और चौधरी नीरपाल सिंह ने किसानों को डीजल पर अनुदान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि खेती में काम आने वाले उपकरणों आदि के दाम घटाए जाएं। महावीर सैनी और प्रीतम सिंह सैनी ने भी विचार रखे। एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने आगामी पेराई सत्र के लिए लाभकारी गन्ना मूल्य घोषित करने, किसानों के लिए गन्ना ढुलाई का भाड़ा समाप्त करने, आवारा पशुओं से फसलों को बचाने के लिए उचित प्रबंध करने, सरकारी मंडी के अंदर एवं निजी व्यापारियों द्वारा एमएसपी पर फसलों की खरीद कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी मिल में गन्ना सप्लाई करने की छूूट दी जाए।
इस दौरान युवा नेता अनुज वर्मा, आसिफ पार्षद, ओमप्रकाश शर्मा, मेहरुद्दीन, मो. जावेद, साहिल, मो. सलमान, अनीस, नवाब, चांद आलम, विरेंद्र तोमर, बलराम चौहान, राजपाल, टिंकू, कृष्णलाल पुंडीर, हाजी कल्लू, महफूज मलिक आदि मौजूद रहे।