सहारनपुर। एक सप्ताह पूर्व रुड़की गंगनहर में सेल्फी लेते समय डूबे युवकों के शव बुधवार को नहर से बरामद हो गए। दोनों युवक आपस में दोस्त थे और गुरुद्वारा रोड के रहने वाले थे। दोनों के शव घर पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया।
गुरुद्वारा रोड निवासी मोहित सचदेवा (31) पुत्र देवराज सचदेवा व मोहित आहूजा (30) पुत्र राकेश आहूजा दोस्त थे। परिजनों के मुताबिक एक सप्ताह पूर्व मोहित आहूजा, उसका भाई रोहित आहूजा, मोहित सचदेवा व दिल्ली रोड निवासी हार्दिक दुआ एक दोस्त की बर्थ डे पार्टी मनाने कार से रुड़की गए थे। पुलिस के मुताबिक आधी रात के समय रुड़की गंगनहर पर सेल्फी लेते समय मोहित आहूजा व मोहित सचदेवा गंग नहर में गिर गए। इन्हें बचाने के लिए रोहित भी नहर में कूद गया था, लेकिन मौके पर कुछ लोगों ने रस्सा डालकर रोहित को बाहर निकाल लिया था, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया था, जबकि डूबे दोनों युवकों का कुछ पता नहीं चल सका था।
गुरुद्वारा रोड निवासी व भाजपा के मीडिया सह संयोजक विपिन सलूजा ने बताया कि बुधवार को रुड़की गंगनहर से दोनों युवकों के शव मिल गए हैं। दोनों के शव जब उनके घर पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल हो गया है। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि युवकों के शव मिलने की जानकारी मिली है।