सहारनपुर। यूपी बोर्ड परीक्षाओं में एक बार फिर से बेटियों ने बाजी मारी है। हाईस्कूल में श्रीराम कृष्ण योगाश्रम इंटर कॉलेज देवबंद की नमरा ने 92.33 फीसदी अंकों के साथ जिला टॉप किया है, जबकि 12वीं में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बाबा लालदास मार्ग की श्रुति चौहान 88.80 फीसदी अंकों के साथ जिला टॉपर बनी हैं। इतना ही नहीं, पंजीकृत बालक और बालिकाओं की सफलता का अलग-अलग प्रतिशत देखें तो भी बेटियां ही आगे रही हैं। दसवीं के टॉप 10 विद्यार्थियों में 11 विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें दो विद्यार्थी एक समान अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे हैं। इन 11 विद्यार्थियों में आठ लड़कियां शामिल रही हैं। इसी प्रकार 12वीं के टॉप 10 में 13 विद्यार्थी शामिल हैं। इन 13 विद्यार्थियों में से छह लड़कियां शामिल हैं।
दसवीं में जिले में पहला स्थान हासिल करने वाली नमरा ने 92.33 फीसदी अंक हासिल किए हैं, जबकि दूसरे स्थान पर रहे सूर्यप्रताप सिंह ने 91.67 प्रतिशत अंक पाए हैं। 91.17 प्रतिशत अंकों के साथ राधिका गुप्ता और मयंक कुमार संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे हैं। 12वीं में टॉपर रही श्रुति चौहान ने 88.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। दूसरे स्थान पर सौरव कुमार रहे हैं, जिन्होंने 87.60 प्रतिशत अंक पाए हैं, जबकि तीसरे स्थान पर रही मेघा पुंडीर ने 87.40 प्रतिशत अंक हासिल किए।
हाईस्कू ल और इंटर की परीक्षाओं में बेटियों को दबदबा रहा है। हाईस्कूल में पहले स्थान पर नमरा, तीसरे स्थान पर केएम इंटर कॉलेज शाहजहांपुर सरसावा की राधिका गुप्ता, चौथे नंबर पर श्री राम कृष्ण योगाश्रम इंटर कॉलेज देवबंद की अनुष्का चौहान, छठे स्थान पर एसडी नेशनल हाईस्कूल जड़ौदा पांडा की खुशी प्रजापति, सातवें नंबर पर आरकेपी इंटर कॉलेज जीटी रोड नागल की समर, आठवें स्थान पर एसजेएसवीएम इंटर कॉलेज गंगोह की कनिका, नौवें नंबर पर ब्राइट फ्यूचर इंटर कॉलेज हरपाली की अनु देवी तथा दसवें स्थान पर एसवीबीपी हाईस्कूल अंबेहटा पीर की शिवानी शामिल हैं।
वहीं इंटर में पहले स्थान पर श्रुति चौहान, तीसरे स्थान पर जय भारत इंटर कॉलेज पुवांरका की मेघा पुंडीर, पांचवें स्थान पर आरएनटीवीपी इंटर कॉलेज नकुड़ की मानसी सिंघल, आठवें स्थान पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बाबा लालदास मार्ग की तनुश्री पांडेय, नौवें स्थान पर महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज कलसिया सहारनपुर की पलक गुप्ता और दसवें स्थान पर एचएवी इंटर कॉलेज देवबंद की अपूर्वा रही है। बेटियों की सफलता से एक ओर जहां उनके घरों में खुशी की लहर है, वहीं संबंधित विद्यालयों में भी मिठाई बांटकर सफलता का जश्न मनाया गया है।
बालक और बालिकाओं की सफलता का प्रतिशत
वर्ग व कक्षा---------पंजीकृत-----शामिल हुए------पास हुए-----सफलता (प्रतिशत में)
बालक (दसवीं)-----18,954----17,314-------14,731----85.08
बालिका (दसवीं)----16,174----15,437-------14,717----95.34
बालक (12वीं)-----17,825----16,737-------13,373----79.90
बालिका (12वीं)----14,761----14,243-------13,119----92,.11
देवबंद की जिला टॉपर छात्रा नमरा को मिठाई खिलाकर खुशी मनाते परिजन- फोटो : DEVBAND