सहारनपुर। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने महानगर में नए 78 प्वाइंट चिंहित किए हैं, वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस कार्य में पुलिस व्यापारियों और पार्षदों का सहयोग लेगी।
दरअसल, शहर के प्रमुख चौराहों व मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन शहर कई इलाके ऐसे हैं, जहां पर चेन लूट, वाहन चोरी और झपट मार गिरोह के सदस्य वारदात कर आसानी से भागने में सफल हुए हैं। इनके अलावा जो वारदातें सीसीटीवी में कैद हुई है, इनमें पुलिस को सफलता मिली है। ऐसे में बदमाशों को पकड़ने को पुलिस ने महानगर सर्वे कराकर 78 प्वाइंट चिंहित किए हैं, वहां व्यापारियों और पार्षदों के माध्यम से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि रूपरेखा तैयार कर ली गई है। जल्द 78 प्वाइंट पर कैमरे लगाए जाएंगे।
इन वारदातों में मिली सफलता
एक सप्ताह पूर्व कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर दो बदमाशों को पकड़कर चोरी की दस बाइक बरामद की थी। रेलवे कॉलोनी में कारोबारी से बैग लूटने वाले बदमाशों को दबोचा गया था। इसी तरह कैमरों में कैद हुई ज्यादातर घटनाओं में पुलिस ने बदमाशों को पकड़ा है।
इन घटनों में नहीं मिला सुराग
चेन स्नेचिंग और झपट्टा मारकर बैग लूटने की तीन वारदातों को पुलिस ने नहीं खोल पाई है। इनमें एक घटना आवास एवं विकास कॉलोनी, दूसरी चिलकाना रोड और तीसरी रेलवे कॉलोनी में हुई थी।