रविवार की रात खनन सामग्री से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचले जाने से बाइक पर सवार दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे युवक को मामूली चोट लगी है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़ कर भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन में दोनों शव थाने भिजवाए और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। हादसे की खबर पर बड़ी संख्या में दोनों के परिजन भी थाने पहुंच गए।
यमुनानगर का रहने वाला मोहम्मद आशु (26) अपनी पत्नी अफसाना (24) और पत्नी की बहन परवीन बानो (26) के साथ बाइक पर अपनी ससुराल चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव तेलीपुरा आ रहा था।
जब ये लोग सरसावा-चिलकाना मार्ग पर मनोहरपुर के पास थे तो सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक ओवरलोड होने के कारण नियंत्रण खो बैठा और बाइक पर भी तीन सवारियों के चलते आशु उसे संभाल नहीं सका। तीनों बाइक सहित गिर गए।
दोनों महिलाएं सड़क पर गिरी और ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे कुचली गई जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आशु दूसरी साइड गिरने के कारण बच गया। उसे मामूली चोट ही लगी। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली भी सड़क किनारे उतर गया। चालक उसे वहीं छोड़ कर भाग गया।
सूचना पर चिलकाना थाना पुलिस और महिलाओं के मायके से लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शव थाने भिजवा दिया। एसओ परवेज आलम ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।