सहारनपुर के नानौता में एक ठग ने दो युवकों से मोबाइल और नकदी लेकर उन्हें नए स्मार्ट फोन मोबाइल के आकार के कवर में पैक दो डमी थमा दिए। ठगी का पता चलने पर पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
नगर की रेलवे कॉलोनी निवासी कक्षा 11 के छात्र सोनू पुत्र वेदपाल के अनुसार उसने करीब पांच माह पूर्व 5500 रुपये का स्मार्ट फोन खरीदा था। मंगलवार को वह नगर के संजय चौक स्थित एक प्रमुख बैंक के पास खड़ा था।
इसी दौरान एक युवक उसके पास पहुंचा और कहा कि उसके पास एक नया 14 हजार रुपये कीमत वाला स्मार्टफोन है। फोन दिखाते हुए ठग ने कहा कि वह उसे उसके मोबाइल और 200 रुपये के बदले में उसे दे सकता है।
उसकी बातों में आकर उसने उसको अपना मोबाइल और पैसे दे दिए। मोबाइल का कवर खोलकर देखने का प्रयास किया तो उसकी चैन नहीं खुल पाई। इसी दौरान ठग वहां से चलता बना।
इसके बाद चैन न खुलने पर छात्र ने उसके कवर को साइड से फाड़ कर देखा तो उसके अंदर स्मार्टफोन के आकार का मोटा शीशा (मोबाइल की डमी) रखा था। इसी तरह गांव ओलरा निवासी सन्नी पुत्र सुक्कड़ को एक ठग ने 1600 रुपये लेकर कवर में रखा शीशा थमा दिया। दोनों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर , थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।