सहारनपुर। थाना जनकपुरी क्षेत्र के जिला अस्पताल पुल चौक पर सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक बाइक आग के गोले में तब्दील हो गई। बाइक में आग लगते ही इस पर सवार युवक ने वाहन छोड़कर अपनी जान बचाई। मौके पर रही यातायात पुलिस और कुछ राहगीरों ने बाइक में लगी आग को बुझवाया।
घटनास्थल पर तैनात यातायात पुलिस ने बताया कि यामाहा क्रूज बाइक सवार एक युवक जिला अस्पताल की ओर से गुजर रहा था। तभी अचानक बाइक में आग लग गई। आग इतनी तेज रही कि सेकंडों में ही पूरा वाहन चपेट में आ गया। बाइक सवार ने आग लगते ही कूदकर जान बचाई।
बाइक सवार दाबकी रोड स्थित घोघरेकी निवासी अलताफ बताया जा रहा है। घटना के बाद यह युवक किसी अन्य साथी के साथ बैठकर चला गया। दूसरी ओर, बाइक में आग को लेकर घटनास्थल पर दो तरह की चर्चा रही। कुछ लोगों ने बताया कि बाइक पर युवक पेट्रोल का कैन लेकर चल रहा था।
इसी दौरान अस्पताल चौक के पास एक डेयरी संचालक ने माचिस की जलती तिल्ली सड़क की ओर फेंकी तो यह हादसा हो गया। दूसरी ओर, कुछ लोग यह कहते रहे कि सड़क पर बाइक दौड़ने से चिंगारी उठने पर ही इस हादसे की संभावना लग रही है। इस मामले में थाना पुलिस की ओर से इतना ही कहा गया कि घटना की सूचना मिली थी। फायरब्रिगेड और आसपास के लोगों ने आग बुझा दी। घटना के कारणों का पता नहीं चला है।