सहारनपुर के बड़गांव में शब्बीरपुर बवाल की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि शुक्रवार रात कुछ शरारती तत्वों ने मिर्जापुर गांव में लगी बाबा साहेब डा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।
सूचना के बाद रात में ही भारी पुलिस बल लेकर अफसर मौके पर पहुंचे और लोगों को संभाला। शनिवार को दिन निकलते ही नई प्रतिमा मंगवा कर स्थापित करते हुए हालात संभाले।
इस दौरान पूरा गांव छावनी में तब्दील रहा। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही चार युवकों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात करीब 10 बजे कार सवार चार युवकों ने मिर्जापुर गांव के रविदास मंदिर प्रांगण में लगी डा. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा को खंडित कर दिया।
इसका पता चलते ही दलित मंदिर परिसर में इकट्ठा हो गए। उन्होंने पुलिस ने खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना पर आननफानन में एडीएम प्रशासन सतीश कुमार दुबे, एडीएम वित्त दिनेश चंद, एसपी देहात विद्या सागर मिश्र, एसडीएम रामपुर मनोज कुमार और सीओ देवबंद सिद्धार्थ सिंह ने मौके पर पहुंच स्थिति को संभाला।
सुबह होते ही प्रशासन ने आनन फानन में हरिद्वार से दूसरी प्रतिमा मंगवाकर जब निर्माण कराना शुरू किया तो दलित महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारे लगाते हुए विरोध शुरू कर किया।
मौके पर मौजूद बसपा नेताओं राजपाल, डा. सुभाष, महेंद्र प्रधान आदि ने उन्हंे शांत कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा प्रतिमा के चारों ओर लोहे की जाली और गेट लगवाने का आश्वासन देकर प्रतिमा को स्थापित करवा दिया।
इस दौरान तहसीलदार रमेश चंद, थानाध्यक्ष नानौता यशपाल सिंह, इंस्पेक्टर छोटे सिंह, एलआई यू टीम सहित कई थानों की फोर्स एवं भारी मात्रा में रैपिड एक्शन फोर्स मौजूद रही।
पुलिस ने रात में ही ठाकुर समाज के तीन युवकों को गांव से हिरासत में लिया। एसओ बड़गांव मुनेंद्र सिंह ने बताया पुलिस ने सचिन पुत्र जगशेर, सुशील पुत्र चंद्रपाल, मोन्टी उर्फ मोहित पुत्र अनिल, गोविंद पुत्र शीशपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनका चालान कर दिया।