फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरुद्वारे में दुस्साहसिक अंदाज में डकैती, इलाके में दहशत

Sun, 21 May 2017 01:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
डकैतों ने इस बच्ची की गुल्लक को भी नहीं बख्सा। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
सहारनपुर के बेहट में शुक्रवार की रात 10-12 बदमाशों ने प्रेमनगर स्थित गुरुद्वारे पर धावा बोलकर ग्रंथी एवं सेवादार समेत उसके परिवार को गन प्वाइंट पर बंधक बनाते हुए 34 हजार की नगदी समेत करीब 2.34 लाख कीमत के जेवरात एवं दान पात्र लूट ले गए। बदमाशों ने डेढ़ घंटा तक गुरुद्वारे को खंगाला।
विज्ञापन


बदमाशों के जाने के बाद सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन बदमाश हत्थे नहीं चढे़। एक सेवादार की तरफ से कोतवाली में घटना की तहरीर दी गई है। सिख समाज के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर घटना के जल्द खुलासे की मांग की।

बेहट कोतवाली के भागूवाला गांव के पास प्रेमनगर में गुरुद्वारा है। शुक्रवार की रात करीब एक बजे 10-12 बदमाश गुरुद्वारे के पीछे स्थित तारबाड़ वाले खंभे बनाने की फैक्ट्री में घुस आए और यहां मौजूद चौकीदार सचिन को बंधक बना दीवार पर चारपाई लगाकर छत के रास्ते से गुरुद्वारे में दाखिल हुए।
विज्ञापन


बदमाशों ने अंदर सो रहे मुख्य ग्रंथी चरण सिंह, सेवादार जंगा सिंह, विजयपाल सिंह एवं उसके परिवार को उठाकर उन्हें गन प्वाइंट पर लिया और सभी को कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। 

इसके बाद बदमाशों ने गुरुद्वारे को खंगाला। बदमाशों ने संदूक में रखी 34 हजार की नगदी, दो लाख रुपये की कीमत के जेवरात और दान पात्र लूट लिया। बदमाश करीब डेढ़ घंटा गुरुद्वारे में रहे। बदमाशों ने सेवादार की मासूम बच्ची की गुल्लक को भी नहीं छोड़ा।

गुल्लक के करीब आठ सौ रुपये भी बदमाश लूट ले गए। बदमाशों के जाने के बाद सेवादारों ने खिड़की से शोर मचाया। शोर सुनकर पास में ही स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी ने उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की। 

उधर, घटना को लेकर सिख समुदाय में रोष बना हुआ है। शनिवार की दोपहर में सिख समुदाय के लोग कोतवाली पहुंचे और घटना के जल्द खुलासे की मांग की। सेवादार विजयपाल सिंह की तरफ से कोतवाली में तहरीर दी गई है। 
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें