सहारनपुर की देवबंद कोतवाली पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर खेड़ामुगल एवं नानौता क्षेत्र में हुई लूट की वारदातों को खुलासा किया है।
शुक्रवार को कोतवाली में सीओ नरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि बृहस्पतिवार को कोतवाल चमन सिंह चावड़ा की टीम ने यूनियन तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो
बाइकों पर सवार चार संदिग्धों को शक होने पर दबोच लिया। पूछताछ में चारों ने स्वीकार किया कि 18 सितंबर को उन्होंने नानौता क्षेत्र में लंढौरा उत्तराखंड निवासी राजेंद्र से डिस्कवर बाइक, 23 हजार 700 रुपये की नगदी और लैपटॉप लूटा था।
जबकि पुलिस चौकी खेड़ामुगल क्षेत्र से उन्होंने 15 दिसंबर को सलेमपुर नागल निवासी मांगेराम से 30 हजार रुपये की नगदी लूटी थी। सीओ ने बताया कि पुलिस ने इनके पास से 15 हजार रुपये की नगदी, दो बाइक, 315 बोर के दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्त में आए बदमाश बहादरपुर निवासी पारस उर्फ टीपू, इमलिया गांव निवासी दीपक और सैनी सराय निवासी सावन और सोहन के खिलाफ देवबंद और नानौता में आपराधिक मामले दर्ज हैं।