फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रंगदारी नहीं देने पर दो व्यापारियों पर फायरिंग

Thu, 29 Oct 2015 12:05 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
दो बाइकों पर आए चार बदमाशों ने रंगदारी देने से मना करने पर दो दुकानदारों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी। इसके बाद हथियार लहराते हुए बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल दोनों व्यापारियों को सीएचसी ले जाया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दिनदहाड़े हुई वारदात से गुस्साए व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नानौता चौक पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे के बाद एसपी देहात के आश्वासन पर जाम खोला गया। वारदात से व्यापारियों में दहशत और पुलिस के प्रति रोष है।
विज्ञापन


व्यापारी दिनदहाडे़ हुए गोली कांड से फिर से दहशत में है। नगर के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी प्रवीण कुमार की नानौता रोड पर पशु आहार की दुकान है। मोहल्ला बाबूराय निवासी जितेंद्र की उनके बराबर में ही बिल्डिंग मैटीरियल की दुकान है। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे दोनों अपनी दुकानों पर बैठे हुए थे। तभी दो बाइकों पर चार बदमाश वहां पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने सड़क किनारे बाइक पर बैठे बैठे ही प्रवीण और जितेंद्र से पहले बात की और फिर अचानक उन पर गोलियां बरसा दी।

गोलियों और चीख पुकार की आवाज सुनकर जब तक पड़ोसी इकट्ठा होते बदमाश शाम को फिर आने की बात कहते हुए फरार हो गए। दोनों व्यापारियों को सीएचसी ले जाया गया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल और जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया।
विज्ञापन


व्यापारियों को गोली मारने की सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सीओ योगेंद्रपाल सिंह और एसओ बिजेंद्र सिंह यादव घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने वहां से तमंचे और पिस्टल के खोखे बरामद किए हैं। वारदात से व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। कुछ ही देर में काफी व्यापारी वहां इकट्ठा हो गए।

दिनदहाडे़ हुई वारदात से गुस्साए व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और नानौता चौराहे पर जाम लगा दिया और चौराहे पर धरने पर बैठ गए। सीओ और एसओ ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन व्यापारी नहीं माने। करीब एक घंटा बाद एसपी देहात जगदीश शर्मा व्यापारियों के बीच पहुंचे और हमलावर बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी और व्यापारियों को सुरक्षा का आश्वासन दिया। उनके आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर जाम खोल दिया गया।

उद्योग एवं व्यापार प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष मोल्हडमल गर्ग, मनोज गोयल, अशोक गुप्ता, सपा नगराध्यक्ष हितैष मित्तल, डा. अमित गर्ग, नीरज गोयल, नीरज अग्रवाल, गगन गर्ग, शुभम अग्रवाल, दीपांशु माहेश्वरी, विकास मित्तल, शशिकांत शर्मा आदि रहे। सपा पूर्व प्रदेश सचिव असदुल्ला अजमेरी ने भी पुलिस उच्चाधबिकारियों से बात कर जल्द खुलासे की मांग की। देर शाम घायल व्यापारी जितेंद्र के भतीजे मनोज ने तहरीर देकर आरोप लगाया सुबह दो बाइकों पर आए चार बदमाशों ने उसके चाचा और पड़ोसी प्रवीण से छह-छह लाख रुपये शाम तक देने की मांग की थी। उनके इंकार करने और शोर मचाने पर बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। एसपी देहात जगदीश शर्मा ने बताया कि सर्विलांस टीम के साथ ही क्राइम ब्रांच को खुलासे के लिए लगाया गया है। जल्द ही बदमाश गिरफ्त में होंगे।

जवाब नहीं दे सके कोतवाल
गंगोह। नानौता चौक स्थित पुलिस चौकी से मात्र सौ मीटर की दूरी पर व्यापारियों पर गोलियां बरसाकर बदमाश आराम से फरार हो गए। मौके पर पहुंचे कोतवाल से जब व्यापारियों ने इस बारे में सवाल किए और पुलिस चौकी पर सिपाही न होने की बात कही तो कोतवाल को जवाब देते नहीं बना। इसे लेकर व्यापारियों में आक्रोश हो गया। उनका कहना था कि ऐसे में पुलिस चौकी का क्या औचित्य है।

रंगदारी मांगे जाने की शिकायत
गंगोह। नगर के बैक्वेंट हाल स्वामी अवनीश ने भी धरना स्थल पर एसपी देहात के समक्ष उससे रंगदारी मांगे जाने की शिकायत की। बताया कि कोतवाली में लिखित शिकायत किए जाने के बावजूद कई दिन बीत जाने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसपी देहात ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। 
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें