चार दिन पूर्व खेत पर पानी चलाने गए लापता हुए किसान की हिंडन नदी के अंदर बोरे में बंद सिरकटी लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गुस्साए ग्रामीणों ने सहारनपुर-बड़गांव मार्ग जाम कर दिया। एसपी सिटी ने खुलासे का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
गांव बुड्ढाखेडा निवासी 58 वर्षीय किसान सुभाष को सुबह चार बजे सरकारी नलकूप से अपने खेत पर पानी चलाने गया था। दुपहर के वक्त खेत पर जब उसका बेटा राजेंद्र खाना लेकर गया था। वहां गूल में उसके पिता की लाठी और चप्पल पड़े मिले थे। आसपास तलाश किया गया। लेकिन नहीं मिला। 18 मई को किसान की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
रविवार को बुड्ढाखेड़ा और अहमदपुर के पास से गुजर रही हिंडन नदी में ग्रामीणों ने एक बोरा पड़ा देखा। इसमें से किसी मानव के पैर बाहर निकलने हुए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बोरे से शव को जैसे ही बाहर निकाला सबके होश उड़ गए। किसान का सिर गायब था।
राजेंद्र, सुरेंद्र और मोहन ने कपड़ों और कद काठी से पहचान पिता सुभाष के रूप में की। मौके पर डॉग स्कवायड को भी बुलाया गया। लेकिन हत्याकांड के बारे में कुछ खास सुराग नहीं मिले। पुलिस का उच्चाधिकारी नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों ने जाम लगा दिया।
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, सीओ प्रशिक्षु सीओ यतेन्द्र नागर, रामपुर कोतवाली प्रभारी वेदप्रकाश गिरी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। इसके बाद ही ग्रामीणों ने जाम को खोला।
घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक देवेन्द्र निम ने मृतक के परिजनों को सांत्वना देते हुए उनसे जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। कोतवाल वेदप्रकाश गिरी ने बताया कि तहरीर नहीं आई है। सिर की तलाश की जा रही है। तहरीर आते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।