चुनाव आचार संहिता के अनुपालन में चलाए जा रहे वाहनों के सघन चेकिंग अभियान में थाना फतेहपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने उत्तराखंड बॉर्डर से एक छोटा हाथी वाहन से अंग्रेजी शराब के 1100 से अधिक पव्वे पकड़े हैं। पकड़ी गई शराब की कीमत चार लाख 60 हजार आंकी गई है।
एसएसपी भारत सिंह यादव ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि शनिवार की शाम थान फतेहपुर प्रभारी राजेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। शाम करीब साढ़े चार बजे एक छोटा हाथी वाहन को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें शराब मिली। पुलिस ने दिनेश पुत्र सुक्कन निवासी खंजरपुर थाना कोतवाली रुड़की को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शराब के 11 हजार 111 पव्वों के साथ ही गाड़ी (यूपी 17टी 5750) को भी जब्त कर लिया। कुल 1999 लीटर शराब की कीमत चार लाख 60 हजार रुपये है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी ने शराब पकड़ने वाली टीम की सराहना की। टीम में थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह के साथ ही उप निरीक्षक अरविंद शर्मा, भगवत सिंह, जगपाल राणा, संदीप भाटी और मोनू कुमार शामिल थे।