सहारनपुर में चोरों ने कुतुबशेर थाना क्षेत्र स्थित गंगोह रोड की एक साथ पांच दुकानों के शटर तोड़ दिए। चोरी का प्रयास करते समय पुलिस पहुंच गई, पुलिस को देखकर चोर फरार हो गए।
लेकिन जाते-जाते एक दुकान से मोबाइल और दूसरी से कुछ नगदी चोरी कर ले गए। थाना कुतुबशेर के गंगोह रोड स्थित सर्किट हाउस पुलिस चौकी से मात्र पचास कदम की दूरी पर रात लगभग एक बजे चोरों ने एक के बाद एक करके पांच दुकानों के शटर काट दिए।
चोरों ने प्रकाश मोबाइल, पंकज अग्रवाल के हार्डवेयर एवं मोबाइल कूपन की दुकान, सोनू हार्डवेयर, कास्मेटिक की दुकान एवं नमन मेडिकल स्टोर का शटर तोड़ डाला।
दुकानदाराो के अनुसार चोरों प्रकाश मोबाइल के यहां रिपेयरिंग के लिए आए 60 मोबाइल एवं 8 हजार रुपये की नगदी, पंकज अग्रवाल की दुकान से 10 हजार रुपये के कूपन एवं कुछ अन्य सामान चोरी कर लिया।
इसी दौरान गश्त करती हुई पुलिस की जीप उधर से गुजरी। पुलिस का सायरन सुनते ही चोर भाग खड़े हुए। पुलिस ने उनका पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन चोर पास ही स्थित पुल के नीचे होते हुए फरार हो गए। पुलिस ने इस बारे में दुकानदारों को सूचना दी।
थाना कुतुबशेर प्रभारी एसके शर्मा ने बताया कि चोरों ने कुछ दुकानों के शटर तोड़ दिए थे। लेकिन पुलिस को आता देख चोर फरार हो गए।
पेंट की दुकान में चोरी
सहारनपुर। थाना मंडी क्षेत्र के चिलकाना रोड स्थित पेंट की दुकान में चोरों ने रात में ताला तोड़कर उसके गल्ले में रखे चार हजार रुपये चोरी कर लिए। इस संबंध में दुकानदार राजू ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना में तहरीर दी है।