सहारनपुर में देहात कोतवाली एवं सर्विलांस पुलिस की टीम ने बिजोपुर की पुलिया से मादक पदार्थों के अंतर्राज्यीय तस्कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 11 लाख रुपये की स्मैक, मोटरसाइकिल बरामद की है।
बुधवार की शाम को कोतवाली देहात टीम सर्विलांस टीम के साथ महत्वपूर्ण सूचना मिलने के चलते ग्राम महेश्वरी खुर्द की ओर जा रही थी। जब टीम बिजोपुरा मार्ग की पुलिया के निकट पहुंची तो वहां पर एक मोटरसाइकिल के साथ चार लोग खड़े हुए नजर आए।
पुलिस टीम को देखकर चारों सकपका गए और बाइक स्टार्ट कर भागने लगे। पुलिस को उन पर संदेह हुआ और घेराबंदी पर चारों को दबोच लिया। पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 110 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम बद्री निवासी बिशनिया थाना श्यामगढ़ जनपद मंदसौर, मध्यप्रदेश, मोहम्मद तौशीफ, खुर्शीद निवासी ग्राम महेश्वरी कलां, चिलकाना तथा अरशद निवासी नाई नगली माजरी थाना रामपुर बताया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कैलकुलेटरनुमा वेट मशीन भी बरामद की है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आरोपी बद्री, मध्य प्रदेश का निवासी है एवं मध्य प्रदेश से स्मैक की तस्करी कर यहां लाकर देता है।
जिसे वे लोग धीरे-धीरे आगे अच्छी कीमत में बेच देते हैं। आरोपी अरशद का पूरा परिवार नशे के कारोबार में लिप्त है। उसका भाई एवं पत्नी पूर्व में ही नशे के कारोबार में गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं जो इस समय भी जिला जेल निरुद्ध है। एसएसपी बबलू कुमार ने स्मैक तस्करों को गिरफ्तार करने वाली टीम को दस हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।