सहारनपुर के तीतरों के गांव कलसी के दो घरों में बृहस्पतिवार देर रात परिजन सोते रह गए और चोर घरों को खंगालते हुए नगदी, आभूषण समेत लाखों का सामान लेकर चंपत हो गए। सुबह आंख खुलने पर घटना का पता चला। पुलिस ने छानबीन शुरू की।
गांव कलसी निवासी बलेश कुमार के यहां देर रात परिवार के लोग सोए हुए थे। रात में ही चोर सीढ़ी लगाकर घर में घुस गए। चोरों ने घर के कमरों के ताले तोड़कर उन्हें खंगाल डाला।
कमरों में रखी अलमारी और बक्से के ताले तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये के आभूषण और नगदी चोरी कर ली। लगभग एक लाख की नगदी, 10 तोले सोना और करीब एक किलो चांदी के आभूषण चोरी किए गए।
इसके बाद चोरों ने बलेश के भाई चरण सिंह के मकान पर सीढ़ी लगाई और घर में घुस गए। चरण सिंह एवं उसका परिवार एक कमरे में सो रहा था। चोरों ने दूसरे कमरे का ताला तोड़ कर उसमें रखी अलमारी और बक्से को खंगाला।
उसमें रखे 14 तोले सोने के आभूषण, एक किलो चांदी एवं 11 हजार रुपये नगदी चुरा ले गए। सुबह जब दोनों परिवार के लोग उठे तो उन्होंने ताले टूटे देखे। कमरों में सारा सामान बिखरा पड़ा था। नगदी आैर आभूषण गायब थे।
घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और चोरों की तलाश की। लेकिन चोरों का कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने चोरों को जंगल में भी तलाश किया। लेकिन न सामान मिला और न ही चोर। छानबीन की जा रही है।