सहारनपुर के नकुड़ में पुलिस ने अर्धसैनिक बल के जवानों के साथ नगर के एक मोहल्ले में मकान में छापा मारकर हरियाणा मार्का की देशी शराब की 40 बोतलें पकड़ी हैं।
पुलिस ने मौके से एक महिला व एक युवक को भी हिरासत में लिया है। रविवार को होली के मद्देनजर प्रशिक्षु सीओ वंदना शर्मा के नेतृत्व में पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवानों ने नगर के प्रमुख बाजारों व मोहल्लों में फ्लैग मार्च निकाला।
इस दौरान पुलिस को नगर के मोहल्ला चौधरीयान में अवैध शराब की बिक्री होने की सूचना मिली तो पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवानों ने एक घर को चारों तरफ से घेर लिया तथा वहां मौजूद महिला संगीता उर्फ सुक्खी व युवक रजत से सख्ती से पूछताछ की तो उनकी निशानदेही पर
घर के बराबर में प्लास्टिक के दो कट्टों में हरियाणा मार्का की देशी शराब की 40 बोतलें दबी हुई मिली। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर पकड़ी गई महिला व युवक का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
इस दौरान मोहल्ले में काफी संख्या में पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवानों को देख मोहल्ले में हड़कंप मच गया और चारों ओर भीड़ इकट्ठा हो गई।