मोरना के गांव टंढेड़ा में राशन डीलर के साथ गांव के युवक ने मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी देकर चला गया। पीड़ित के परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव करते हुए कार्रवाई की मांग की।
ककरौली के गांव टंढ़ेड़ा निवासी महेंद्र पुत्र मुलाराम ने बताया कि सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का कई वर्ष पूर्व आवंटन हुआ था। जिसमें निर्धारित दिन के हिसाब से राशन कार्ड के आधार पर ही राशन आवंटित किया जाता है। रविवार को ग्रामीण सुबह सवेरे से लाइन में लगाकर राशन लेकर जा रहे थे। इस दौरान गांव का आस मोहम्मद पुत्र फजला लाइन के पीछे से आगे आकर सबसे पहले राशन लेने की दबंगाई दिखाने लगा। राशन डीलर महेंद्र ने विरोध किया।
जिस पर आस मोहम्मद ने राशन डीलर के साथ मारपीट कर दी। आरोप है आस मोहम्मद ने गल्ले में रखी 10 हजार रुपये की नगदी भी लूट ली और जान से मारने की धमकी भी दी। जिसको लेकर पीड़ित के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
पीड़ित और ग्रामीण एकत्र होकर थाने में पहुंचे। ग्रामीणों ने थाने में हंगामा कर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर जेल भेजने की मांग की। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। धर्मेंद्र चौधरी, अग्रसैन, बालिस्टर, सलेक चंद, विजयकांत शर्मा, अनुज, योगेश, पीतम, बबलू, विनोद, सागर, नितिन, मास्टर विजय, लाला, दुर्गश, टीनू, राहुल आदि शामिल रहे।