देवबंद (सहारनपुर)। कोतवाली पुलिस ने चौंदाहेड़ी गांव के जंगल में छापेमारी कर चार लोगों को कच्ची शराब निकालते गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में शराब व उपकरण बरामद किए हैं।
शनिवार को पुुलिस ने छापेमारी करते हुए चौंदाहेड़ी गांव निवासी शौकीन, नरेंद्र कुमार, विनोद कुमार और नवादा निवासी महबूब को कच्ची शराब निकालते गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 80 लीटर कच्ची शराब व शराब बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर चारों लोगों को जेल भेज दिया गया है। उधर, पुलिस ने गंझेड़ी गांव निवासी नसीब, पावटी खुर्द गांव निवासी शौकीन को झबीरन मार्ग से नाजायज चाकू के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि मोहल्ला सराय मालियान निवासी विकास कुमार, महेंद्र सिंह, देवेंद्र कुमार और कान सिंह का शांतिभंग में चालान किया है। पुलिस के मुताबिक चारों लोग आपस में झगड़ा कर शांति व्यवस्था को भंग करने का प्रयास कर रहे थे।
सरकार से नूनाबड़ी में बारातघर बनवाने की मांग
देवबंद। शनिवार को नूनाबड़ी गांव में आहूत हुई बैठक में ग्रामीणों ने सरकार से गांव में बारातघर बनवाए जाने की मांग की है। समाजसेवी हाफिज मोईनुद्दीन ने कहा कि गांव में बारातघर न होने की वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अगर सरकार ग्राम समाज की भूमि में बारातघर बनवाने का काम करती है तो यह गरीबों के लिए अच्छा कदम होगा। इस मौके पर राव साजिद, सुनील कुमार, मनदीप, नासिर राणा, प्रवीण कुमार, कारी महकार आदि मौजूद रहे।