सहारनपुर। शहर में एक साथ हुई लूट की कई वारदातों से नाराज एसएसपी ने थाने की पुलिस के अलावा ऑफिस के स्टाफ को भी सड़क पर उतार दिया है। बुधवार शाम पांच बजे से रात्रि नौ बजे तक संदिग्धों की धर पकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
बेखौफ लुटेरों ने तीन दिन में अंबाला रोड स्थित पेट्रोल पंप के अलावा कई घटनाएं अंजाम देकर पुलिस को पसीने दिला दिए। एसएसपी बबलू कुमार अधिकारियों से अपनी नाराजगी भी जता चुके हैं। उन्होंने थाना पुलिस के अलावा पुलिस कार्यालय के स्टाफ को भी चेकिंग के लिए सड़क पर उतार दिया है। छह टीमों में करीब 60 पुलिस कर्मियों को शामिल किया गया है। इसमें कई सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर, उप निरीक्षक, हेडकांस्टेबल और कांस्टेबल को शामिल किया गया है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस कार्यालय का स्टॉफ बुधवार शाम सड़क पर आ गया। शहर में करीब 14 स्थानों पर चेकिंग शुरू कराई गई है। जिसमें थाना, चौकी प्रभारियों के अलावा पीएसी, क्यूआरटी, ऑफिस स्टाफ, कचहरी सुरक्षा में लगी क्यूआरटी को भी लगाया गया है। शहर के बाहरी इलाकों में संदिग्धों की धर पकड़ को चेकिंग की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
बदमाशों पर शिकंजा कसने को शहर में 14 स्थानों पर शाम पांच बजे से लेकर रात नौ बजे तक विशेष चेकिंग शुरू कराई गई है।
-। बबलू कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक