सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान टाटा 709 ट्रक से 592 गौवंश की खाल बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया है। वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी पाई गई। उसे सीज कर दिया गया है। जांच में खालें गाय की पाई गई है।
थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह देहरादून रोड स्थित गांव कुम्हारहेड़ा में वाहनों की चेकिंग के दौरान उनकी अगुवाई वाली टीम ने सहारनपुर की ओर से आ रहे टाटा 709 संख्या डी 2984 को रोका तो चालक उतर कर भागने लगा।
पुलिस ने भागते चालक फजल पुत्र यामीन निवासी गांव खाई खेड़ा जिला मुजफ्फरनगर को धर दबोचा। चालक व गाड़ी को पुलिस थाने ले गई। ट्रक की तलाशी में गोवंश की 592 खाल बरामद हुई।
पशु चिकित्साधिकारी एसएम सिंह ने जांच के बाद खालें गाय की होने की पुष्टि की। एसओ ने बताया कि ट्रक पर नंबर भी फर्जी अंकित किया गया था। ट्रक का असली नंबर यूए 04 डी 8429 है।
चालक ने ये खालें ग्राम घान्ना थाना कोतवाली देहात निवासी शौकत के यहां से लादने की जानकारी दी है। चालक ने बताया कि खालें मुजफ्फरनगर खालापार निवासी खालिद कुरैशी के यहां जानी थी। रिपोर्ट दर्ज कर चालक का चालान कर दिया है।