गला घोंटकर की गई थी मीनू की हत्या : पुलिस
चिलकाना (सहारनपुर)। गांव मलकपुर में दो दिन पहले महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पीएम रिपोर्ट में हत्या आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला दबने पर दम घुटने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि अन्य आरोपी ससुरालियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
बता दें कि दो दिन पूर्व थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर में विवाहिता गंगा उर्फ मीनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मौत की खबर से महिला के मायके वालों ने गांव पहुंचकर हंगामा करते हुए ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया था। हंगामे की सूचना मिलने पर एसडीएम सदर अनिल कुमार सिंह, सीओ सदर चौब सिंह तथा थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने गांव पहुंच मायके वालों को शांत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मृतक महिला गंगा उर्फ मीनू के पिता ज्योतिराम निवासी ग्राम उग्राहू थाना गागलहेड़ी ने थाना चिलकाना में अपनी बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस ने मृतक महिला के पिता की तहरीर पर गंगा के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि गंगा की मौत गला दबाने के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने गंगा के पति सोनू, ससुर रामचंद्र तथा सास कांता के खिलाफ हत्या करने का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने बृहस्पतिवार रात महिला के पति सोनू को उसके घर से गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के आरोपी सास कांता तथा ससुर रामचंद्र की तलाश की जा रही है।