चोरों ने खंगाला सपा नेता का घर, लाखों की नगदी व आभूषण चोरी
देवबंद (सहारनपुर)। बेखौफ चोरों ने मंगलवार की रात मोहल्ला कोहला बस्ती पर सपा नेता के बंद मकान में घुसकर वहां से लाखों की नगदी व सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सपा नेता परिवार समेत तीन बेटों की शादी करने के उत्तराखंड के रुड़की में गया हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए शीघ्र घटना का खुलासा किए जाने का आश्वासन दिया है।
मोहल्ला कोहला बस्ती निवासी सपा नेता हाजी जिंदा हसन ने अपने तीन बेटों का रिश्ता उत्तराखंड में किया हुआ है। मंगलवार को पूरा परिवार उनकी शादी के लिए रुड़की गया हुआ था। इसी का लाभ उठाकर देर रात चोर घर के ताले तोड़कर भीतर घुस गए। चोरों ने कई घंटे तक घर का कोना कोना खंगाला। बुधवार को सपा नेता जब घर लौटे तो उन्हें ताले टूट हुए मिले। घर में जाकर देखा तो सारा सामान इधर उधर बिखरा पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। इस दौरान जानकारी मिलने पर सपा के पूर्व जिला महासचिव सिकंदर अली समेत अन्य सपाई भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने शीघ्र वारदात का खुलासा किए जाने की मांग की। सिकंदर अली ने बताया कि चोर हाजी जिंदा हसन के घर से अलमारी में रखी करीब 1 लाख की नगदी, सोने चांदी के आभूषण सऊदी अरब से लाए गए कई नये मोबाइल समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। चोरी से जिंदा हसन को करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुुरु कर दी है।