नानौता (सहारनपुर)। बड़गांव से मोटरसाइकिल लूटकर भाग रहे बदमाशों की नानौता पुलिस एवं स्वाट टीम के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब हो गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी के हाथ में भी गोली लगी है।
बड़गांव निवासी सुखपाल बुधवार की रात लगभग 8 बजे नानौता से अपने घर मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था। आरोप है कि जब वह ग्राम मोरा के निकट पहुंचा तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया और तमंचे से आतंकित कर उसकी मोटरसाइकिल छीन ली। मोटरसाइकिल छीनने के बाद एक बदमाश तो अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर चला गया। जबकि शेष दोनों बदमाश सुखपाल की मोटरसाइकिल लेकर नानौता की ओर फरार हो गए। सुखपाल ने इसकी सूचना बड़गांव पुलिस को दी।
बड़गांव पुलिस ने तुरंत ही वायरलेस पर लूट सूचना नानौता पुलिस को दी। उस समय नानौता पुलिस एवं स्वाट टीम नानौता में रेलवे क्रासिंग के निकट चेकिंग कर रहे थे। सूचना मिलते ही स्वाट टीम प्रभारी संजय पांडेय और नानौता थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। उसी समय दोनों आरोपी बाइक पर आते हुए नजर आए। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने बदमाशों को दूध फैक्ट्री और रेलवे स्टेशन के बीच घेर लिया। अपने को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की एक गोली पुलिसकर्मी कपिल के दाहिने हाथ में लगी। जिस पर पुलिस ने भी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी जिससे वह बाइक समेत गिर पड़ा। साथी को गोली लगता देख दूसरा साथी उसे छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने लूट के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, तमंचा एवं कारतूस बरामद कर लिए। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार किए गए आरोपी ने अपना नाम आरिफ निवासी ग्राम लुहारी, थानाभवन, शामली बताया। पुलिस ने मुठभेड़ में घायल हुए लूट के आरोपी आरिफ एवं घायल पुलिसकर्मी कपिल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
आरिफ पर ये हैं मामले दर्ज
पुलिस द्वारा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया शामली निवासी आरिफ पर हत्या, लूट, गुंडा एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार सहारनपुर में वर्ष 2012 में कमेले में हुई हत्या के मामले में जेल जा चुका है। जनवरी 2017 में भी लुहारी में हुई डकैती के मामले में आरिफ शामिल था। मंडी कोतवाली क्षेत्र के मुल्ला टोनी में दो युवकों की हत्या में भी आरिफ शामिल रहा। शामली के थानाभवन में भी आरिफ पर गुंडा एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।