नकुड़ (सहारनपुर)। विद्युत अवर अभियंता ने एक गांव के 16 लोगों के विरुद्ध बिजली का बिल जमा नहीं करने और बिजली कनेक्शन काटे जाने के बावजूद बिजली चोरी करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवर अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र के गांव जैनपुर में 16 लोग घरेलू बिजली बिल के करीब अस्सी हजार से ज्यादा के बकायेदार हैं। उक्त सभी को विभाग की ओर से बिल जमा करने के लिए नोटिस दिए गए थे। बावजूद इसके उक्त बकायादारों ने बिल जमा नही किए। जिसके बाद उनके बिजली के कनेक्शन काट दिए गए थे। जेई ने बताया कि कनेक्शन काटे जाने के बावजूद कुछ लोगों के यहां बिजली चालू मिली। एसओ यशपाल सिंह ने बताया कि अवर अभियंता की तहरीर के आधार पर पितांबर, अनूप, प्रदीप, तेजकरण व जितेंद्र निवासी गांव जैनपुर आदि के विरुद्ध संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।