लखनौती (सहारनपुर)। खेत में रात को पानी चला रहे किसान को तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर बंधक बनाकर ट्रैक्टर, पांच सौ रुपये की नकदी और मोबाइल लूट लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास कांबिंग भी की लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चल सका। पीड़ित किसान ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर चल रही है।
गंगोह कोतवाली के गांव बल्लामजरा निवासी किसान सरवेज कोतवाली में दी तहरीर में कहा कि शनिवार की रात अपने खेतों में पानी चला रहा था। करीब रात के तीन बजे तीन बदमाश आये और उसे हथियारों के बल पर उसे घेर लिया। खेत में पड़े रस्से से पहले उसे बांध दिया और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। जेब से पांच सौ रुपये की नकदी और मोबाइल लूट लिया। जाते जाते उसे जान से मारने की धमकी दे गए। अल सुबह किसान खेतों में पहुंचे। किसान को बंधन मुक्त कर उसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी दी और आसपास के जंगल में कांबिंग की लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चल सका। पीड़ित किसान कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार का कहना है कि मामला लेन-देन का है फिर भी जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जायेगा।