सहारनपुर। मानकमऊ में ई-रिक्शा की चार्जिंग कर रहे तीन चार्जिंग स्टेशन पर विद्युत टीम ने छापा मारकर बिजली की चोरी पकड़ी है। मौके पर 20 ई-रिक्शा की चार्जिंग की जा रही थी।
बृहस्पतिवार को विद्युत वितरण खंड नगरीय प्रथम की टीम ने अधिशासी अभियंता एके वर्मा के नेतृत्व में सुबह छह बजे ही मानकमऊ में दो स्थानों पर छापा मारा। छापे के दौरान दोनों स्थानों पर बिजली की चोरी कर ई-रिक्शा की चार्जिंग करते हुए पकड़ा गया। एक चार्जिंग स्टेशन पर 8 ई-रिक्शा चार्ज हो रहे थे, जबकि दूसरे चार्जिंग स्टेशन पर 7 ई-रिक्शा चार्ज हो रहे थे। जबकि जेल चुंगी पर एक चार्जिंग स्टेशन पर मारे गए छापा में 5 ई-रिक्शा की चार्जिंग पकड़ी गई। तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके अलावा विद्युत निगम एवं विजिलेंस की टीम ने मोहल्ला गिल कालोनी में छापा मारकर 12 घरों में बिजली की चोरी पकड़ी। इस पाश कालोनी में बड़े मकानों में भी मीटर में शंटिंग कर बिजली की चोरी की जा रही थी। 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। अधीक्षण अभियंता आरके सिंह ने बताया कि ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए विद्युत उपकेंद्रों पर चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं, लेकिन वहां पर कोई भी ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए नहीं जा रहा है। बिजली की चोरी कर ई-रिक्शाओं की चार्जिंग कराई जा रही है। कुछ पाश कॉलोनियों में भी बिजली की चोरी पकड़ी जा रही है।