सहारनपुर। गरीब लोगों को रोजगार देने का झांसा देकर कई लोगों से 9.43 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले में दो पुलिसकर्मी सहित चार लोग आरोपी है। महिला ने आईजी से कार्रवाई की मांग की है।
थाना जनकपुरी क्षेत्र के मोहल्ला देवेंद्र नगर निवासी रेणु धीमान ने आईजी को भेजे गए पत्र में बताया कि चकहरेटी निवासी एक व्यक्ति से उसी मुलाकात हुई थी, जिसने रोजगार के लिए गरीब लोगों को उनकी संस्था से जोड़ने के लिए कहा था। इसी व्यक्ति के जरिए दो पुलिसकर्मियों सहित तीन लोगों से उसकी जान पहचान हो गई। उसने कई गरीब लोगों को संस्था से जुड़वा दिया। रोजगार देने की एवज में आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में उनसे धनराशि ली। इस प्रकार आरोपियों ने करीब 9.43 लाख रुपये गरीब लोगों से एकत्र कर लिए, लेकिन किसी को रोजगार नहीं मिला। थाने पर शिकायत करने पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने आईजी से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।