सहारनपुर। नशे में धुत होकर साथियों के साथ साथी सिपाही के कमरे में जबरन घुसकर उसकी पत्नी के साथ मारपीट, अभद्रता की एवं जमकर हंगामा किया। जिस पर तीनों के खिलाफ सदर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई। एसएसपी ने तीनों आरोपियों को सस्पेंड कर जांच के आदेश दिए हैं।
क्वार्टर गारद में तैनात हेड कांस्टेबल सोमपाल और कांस्टेबल अरविंद मोहल्ला हकीकत नगर में एक ही मकान में अलग-अलग कमरों में किराए पर रहते हैं। सोमपाल ने आरोप लगाया कि बुधवार की रात को जब उसकी पत्नी घर पर अकेली थी उस समय अरविंद अपने दो अन्य सिपाही अरुण एवं हरेंद्र के साथ नशे में धुत होकर घर पहुंचा। तीनों सिपाहियों को नशे में धुत देखकर उसकी पत्नी ने मुख्य द्वार खोलने से इंकार कर दिया। जिस पर अरविंद आक्रोशित हो उठा और हंगामा शुरू कर दिया। फिर भी जब उसकी पत्नी ने दरवाजा नहीं खोला तो अरविंद ने दूसरी चाबी से दरवाजा खोल लिया और घर के अंदर जाते ही उसकी पत्नी के साथ मारपीट शुरू की। तीनों सिपाहियों ने उसकी पत्नी के साथ मारपीट, गाली गलौज की और अभद्रता की। यहां तक कि उसके कपड़े भी फाड़ डाले। शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने किसी प्रकार उसकी पत्नी की जान बचाई। आरोपियों ने नशे में धुत होकर काफी देर तक उसके घर पर हंगामा किया।
सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दो सिपाहियों को हिरासत में ले लिया। इस मामले में सोमपाल ने तीनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ सदर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। तीनों सिपाहियों की करतूत से नाराज एसएसपी बबलू कुमार ने तीनों को निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
-----------