चिलकाना (सहारनपुर)। क्षेत्र में चोटी कटने की अफवाहें लगातार फैल रही है। दो लड़कियों की चोटी कट गई। चोटी कटने की दहशत में दोनों लड़कियां बेहोश हो गईं।
बुधवार दोपहर करीब ग्यारह बजे महबूब की 22 वर्षीय लड़की गुलशमीम घर में काम कर रही थी, जैसे ही वह कार्य निपटा कर बैठी तो वह गुलशमीम चक्कर खा कर गिर गई। जब उसे उठाया गया तो उसकी आधी चोटी कटी हुई थी। चोटी कटने की दहशत में गुलशमीम फिर बेहोश हो गई। होश में लाने के लिए डाक्टर तथा मौलवी को बुलवाया गया। दूसरी घटना कस्बे के मोहल्ला मजहर हसन की है। यहां दिलशाद की 15 वर्षीय पुत्री खुशनसीब चारपाई पर बैठी थी, जब वह उठी तो उसकी कटी हुई चोटी चारपाई पर पड़ी थी। खुशनसीब भी अपनी कटी चोटी देखकर बेहोश हो गई। खुशनसीब को भी पहले डाक्टर के यहां तथा उसके बाद मौलवी को दिखाया गया। लोग इन घटनाओं को टोना-टोटका से जोड़ कर देख रहे हैं। हालांकि ज्यादातर लोगों का कहना है कि मानसिक बीमारियों के चलते ऐसी घटना हो रही है।