नगर निगम स्थित आईसीसीसी का निरीक्षण करते डीएम अखिलेश सिंह व नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह तथा अन्य
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोरोना पर नियंत्रण के लिए नगर निगम स्थित आईसीसीसी (इंटरग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) में कोविड कंट्रोल रूम बनाया गया। कंट्रोल रूम को देखने के लिए जिला अधिकारी अखिलेश सिंह सोमवार को पहुंचे। उन्होंने नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के साथ कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही एनईसी के प्रोजेक्ट मैनेजर से जानकारी ली।
नगरायुक्त ने बताया कि कारोना संक्रमण पर नियंत्रण को कंट्रोल रूम बनाया गया है। किस हॉस्पिटल में कुल कितने बेड कोरोना मरीजों के लिए हैं और उनमें से कितने किस समय उपलब्ध हैं। कितने कंटेनमेंट जोन हैं, कितने कोरोना मरीज हैं। उनके उपचार को लेकर क्या स्थिति है। यह सब जानकारी रहेगी। इसके अलावा कोविड मरीजों को भी यहां से कॉल कर उनका हाल चाल मालूम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि भविष्य में आवश्यकता पड़ी तो यहां से टेली मेडिसिन सुविधा भी चलाई जाएगी। यह भी बताया कि कंट्रोल रूम से ही शहर के पांच चौराहों नवाब गंज, विश्वकर्मा चौक, पुरानी चुंगी, आंबेडकर चौक व थाना कुतुबशेर पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए लोगों से अपील की जा रही है। इस दौरान अपर नगरायुक्त राजेश यादव, अपर उप जिलाधिकारी सदर संगीता, एनईसी प्रोजेक्ट मैनेजर मोहम्मद शारिक, आईटी आफिसर मोहित तलवार आदि मौजूद रहे।