सहारनपुर में जीत के बाद इमरान मसूद को सर्टिफिकेट मिला।
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश की नंबर एक लोकसभा सीट सहारनपुर में बेहद रोमांचक मुकाबला हुआ। टिकट मिलने के बाद से ही बड़े अंतर से जीत का दावा करने वाले गठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद ने 64542 वोटों से भाजपा के राघव लखनपाल को पटखनी दे दी। इमरान को 547,967 वोट मिले, जबकि राघव लखनपाल 483,425 वोटों पर रह गए। भाजपा को हार का सामना उन परिस्थितियों में करना पड़ा जब यहां पर प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री और अन्य तमाम नेता आए दिन डेरा डाले हुए थे।
जनता रोड स्थित वेयर हाउस में सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। पहले ही चरण में इमरान मसूद ने बढ़त बनानी शुरू कर दी थी। इमरान मसूद को 26789 वोट मिले। भाजपा के राघव लखनपाल 13139 और बसपा के माजिद अली मात्र 6300 वोटों पर रहें। इस तरह आखिरी राउंड तक इमरान आगे चलते रहे।