सहारनपुर। लघु, सूक्ष्म और मध्यम उद्योग विभाग के विशेष सचिव प्रशांत शर्मा ने पिलखनी में बन रहे कॉमन फैसिलिटी सेंटर के निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इसको बनाने वाली कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को इसका निर्माण 31 मार्च तक पूरा कराने के निर्देश दिए।
एमएसएमई और एक्सपोर्ट प्रमोशन विभाग के विशेष सचिव ने पिलखनी में बन रहे कॉमन फैसिलिटी सेंटर के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी का इजहार किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में देरी होने से वुड कार्विंग उद्योग को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता को 31 मार्च तक कॉमन फैसिलिटी सेंटर का निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। जिससे समय से उद्यमियों को सीएफसी का लाभ मिल सके। निरीक्षण के बाद उन्होंने उद्यमियों के साथ औद्योगिक समस्याओं आदि पर भी विस्तार से चर्चा की। इस दौरान संयुक्त उपायुक्त उद्योग अंजू रानी, उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ यादव, कॉमन फैसिलिटी सेंटर के डायरेक्टर मोहम्मद औसाफ गुड्डू, आईआईए के चैप्टर चेयरमैन प्रमोद सडाना, कोषाध्यक्ष सुनील सैनी आदि मौजूद रहे।
सीएफसी में होंगी यह सुविधाएं
सीएफसी का एक ब्लॉक आरसीसी की बिल्डिंग वाला होगा, जिसमें भूतल और प्रथम तल पर कार्यालय बनेंगे। डिजाइन सेंटर, टेस्टिंग लैब, शौचालय आदि भी इसी बिल्डिंग में होंगे। नक्शे के मुताबिक कुछ क्षेत्रफल शेड वाला रखा गया है। जिसमें फिनिश गुड्स स्टोरेज शेड, प्रोडक्शन असेंबली शेड्स, ट्राली एंड बैंड शॉ मशीन चार, केमिकल ट्रीटमेंट प्लांट, सीजनिंग प्लांट शेड्स, ईटीपी शेड्स, ब्वायलर रूम आदि शामिल हैं।