सहारनपुर। 35 साल पुराने मामले में अदालत में पेश न होने वाले पुलिसकर्मियों पर कुर्की और गैर जमानती वारंट की कार्रवाई के बाद सीजेएम ने एसएसपी को इनकी तलाश कराए जाने के आदेश हैं, साथ ही कोषाधिकारी को पेंशन या वेतन रोकने के लिए पत्र जारी किया है। एसएसपी आकाश तोमर ने टीमों का गठन कराकर पुलिसकर्मियों की तलाश शुरू करा दी है।
यह है मामला
वर्ष 1987 में एक हेड कांस्टेबल ने कोतवाली सदर बाजार पुलिस को बताया था कि उनके साथ ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों की गिरफ्त से एक आरोपी बंदी जालंधर निवासी नारायण फरार हो गया। पुलिस कर्मी आरोपी को सीजेएम कोर्ट में पेश कर जेल लेकर जा रहे थे, भीड़ का फायदा उठा कर आरोपी बंदी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली सदर बाजार में कांस्टेबल शिवा सिंह, विष्णु दत्त, निरंजन सिंह, जगराम, भगवान सहाय, विनोद कुमार, सहेंद्र पाल, भारत सिंह , शिवराज सिंह, नर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मियों ने कोर्ट से जमानत ले ली थी, लेकिन पुलिसकर्मी अदालत में पेश नहीं हुए। अब सीजेएम ने एसएसपी को पुलिसकर्मियों की तलाश कराए जाने के आदेश दिए थे।
कोर्ट के निर्देशानुसार पुलिसकर्मियों की तलाश कराई जा रही है। इसके लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। पुलिस जल्द पुलिसकर्मियों का तलाश कर कोर्ट में पेश करेगी। -आकाश तोमर, एसएसपी