- टीका नहीं लगवाने तथा दूसरी खुराक नहीं लेने वाले होंगे चिह्नित
अमर उजाला ब्यूूरो
सहारनपुर। कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए एक नवंबर से कलस्टर मॉडल 2.0 अभियान शुरू हो रहा है। अभियान के तहत अभी तक टीका नहीं लगवाने वालों तथा दूसरी खुराक नहीं लेने वालों को लेखपाल चिह्नित करेंगे, साथ ही आशा कार्यकर्ता भी लोगों को बुलाकर टीकाकरण केंद्र तक लाएंगी।
टीका 18 और उससे अधिक आयु के लोगों केे लगाया जा रहा है। जनपद में 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की संख्या 26 लाख है। इनमें से 16,30777 लोगों ने केवल पहली खुराक लगवाई है। 5,61357 ऐसे लोग हैं, जिन्होंने दोनों खुराक ले ली हैं। इस प्रकार कुल 21,51434 लोगों टीका लगवा चुके हैं। टीका लगवाने वालों में पुरुषों की संख्या 11,68384 है, जबकि महिलाओं की संख्या 10,22201 है। इनमें थर्ड जेंडर 849 हैं। इस प्रकार करीब 5.5 लाख लोग ऐसे हैं, जिन्होंने एक भी खुराक अभी तक नहीं ली है। ऐसे में एक नवंबर से शुरू हो रहे कलस्टर मॉडल 2.0 अभियान में इन्हीं लोगों पर सबसे अधिक फोकस रहेगा, जिन्होंने अभी तक एक भी खुराक नहीं ली है। इनके बाद पहली खुराक के बाद दूसरा खुराक नहीं लेने वाले 16,30777 लोगों को केंद्रों तक लाना होगा। टीकाकरण के लिए फिक्स बूथ कलस्टर अप्रोच, मेगा वैक्सीनेशन-डे पहले की तरह लागू रहेंगे।
गांवों पर अधिक ध्यान रहेगा
ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण की स्थिति बेहतर करने को तीन वर्गों में बांटकर टीकाकरण होगा। गांवों को प्रथम डोज संतृप्त ग्राम की श्रेणी देने के साथ ही ग्राम प्रधान को सम्मानित किया जाएगा। दूसरी खुराक पूर्ण करने वाले गांव को कोविड सुरक्षित ग्राम कहा जाएगा।
-----
आशा, आंगनबाड़ी की रहेगी जिम्मेदारी
कलस्टर मॉडल 2.0 अभियान में आशा और आंगनबाड़ी की जिम्मेदारी तय की गई है। वह घर-घर जाकर टीकाकरण से छूटे लोगों को चिह्नित करेंगी। शहरी क्षेत्रों में जिन लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ है उनके लिए सुबह आठ से रात 10 बजे तक कोविड टीकाकरण होगा। टीकाकरण में सहारनपुर काफी अच्छी स्थिति में है, लेकिन एक नवंबर से कलस्टर मॉडल 2.0 अभियान शुरू हो रहा है।
----- वर्जन
- टीकाकरण में फिलहाल सहारनपुर की स्थिति ठीक है। एक नवंबर से चलने वाले विशेष अभियान के लिए टीमें बना दी गई हैं। ताकि निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। -- डॉ. संजीव मांगलिक, सीएमओ।