आज से नहाय-खाय के साथ शुरू होगी छठ पूजा
सहारनपुर। छठ पर्व की सभी तैयारियों को लगभग पूरा कर लिया गया है। सोमवार को नहाय-खाय के साथ छठ पूजा की शुरूआत होगी। वहीं, नदियों के घाटों पर भी वेदियां तैयार की गई हैं।
महानगर में गंगोह रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर के किनारे बने छठ घाट और बाबा लाल दास बाडे़ के पास पांवधोई नदी के घाट पर पर वेदियां तैयार की गई हैं, जहां पर मुख्य आयोजन दस नवंबर की शाम को होगा। पूर्वांचल कल्याण सभा के अध्यक्ष दानिश आजम ने बताया कि छठ पर्व को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। सोमवार से पूजा शुरू हो जाएगी। दस नवंबर की शाम नदियों पर पहुंचकर महिलाएं परिवार संग अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देंगी। 11 नवंबर की सुबह उगते सूरज को अर्घ्य देकर पूजा अर्चना संपन्न होगी। इसको लेकर सभा की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके साथ ही व्यवस्था बनाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों से भी वार्ता हो चुकी है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में दशरथ गिरी, अनिल पोद्दार, इंद्रजीत गोस्वामी, मुकेश गिरी, गुड्डू गोस्वामी, श्याम बहादुर, प्रमोद पोद्दार, हरि नारायण सहित अन्य पदाधिकारियों का सहयोग रहेगा।