सहारनपुर। सर्किल रेट को लेकर आपत्तियां एवं सुझाव देने के लिए डीएम अखिलेश सिंह ने समय बढ़ा दिया है। अब सर्किल रेट को लेकर कोई भी व्यक्ति अपनी आपत्ति शनिवार (14 अगस्त) तक दे सकता है। इसके बाद सुनवाई कर नए सर्किल रेट 16 अगस्त तक जारी होने की संभावना है।
नए सर्किल रेट को लेकर निबंधन विभाग ने लोगों ने आपत्तियां एवं सुझाव मांगे थे। इसके लिए सहायक महानिरीक्षक निबंधन ने छह अगस्त को विज्ञप्ति जारी कर सात से नौ अगस्त तक का समय दिया था। जिससे 12 अगस्त को पुनरीक्षित दर की सूची को जारी किया जा सके। इस अवधि से सिर्फ एक दो ही आपत्ति एवं सुझाव आ सके। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने आपत्तियों और सुझाव देने की समय सीमा को बढ़ाते हुए शनिवार तक का समय दिया है। जिससे आपत्तियां करने और सुझाव देने वालों को पर्याप्त समय मिल सके। इन आपत्तियों और सुझाव पर जन सुनवाई करने के बाद नए सर्किल रेट जारी हो सकेंगे। सहायक महानिरीक्षक निबंधन संजय श्रीवास्तव ने बताया कि जिलाधिकारी ने आपत्तियां और सुझाव देने का समय बढ़ा दिया है। अब शनिवार तक लोग अपनी बात रख सकते हैं। इसके बाद उनके सुझावों और आपत्तियों पर विचार मंथन किया जाएगा। साथ ही उनकी सुनवाई भी की जाएगी। इस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद उम्मीद है कि 16 अगस्त तक नए सर्किल रेट जारी कर दिए जाएंगे।
पांच से 15 प्रतिशत तक बढ सकते हैं सर्किल रेट
सर्किल रेट को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता बनी हुई है। सभी यह जानना चाहते हैं कि किस क्षेत्र में कितना सर्किट रेट बढे़गा। उम्मीद की जा रही है कि इस बार सर्किल रेट में पांच से 15 फीसदी तक का इजाफा हो सकता है। जिन क्षेत्रों में प्रापर्टी की खरीद फरोख्त अधिक हो रही है। वहां पर सर्किल रेट बढ़ सकते हैं। जिन क्षेत्रों में लंबे समय से सर्किल रेट नहीं बढे़ हैं, वहां पर भी रेट में इजाफा होने की संभावना है। 16 अगस्त को जारी होने वाले सर्किल रेट के बाद ही सही स्थिति का पता चल सकेगा।