- सहारनपुर बाईपास पर सड़क की मरम्मत में जुटी टीम।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। एक साल पहले ही बनकर तैयार हुए बाईपास की सड़क टूटने लगी। लाखनौर से गागलहेड़ी की तरफ नन्हेड़ा गांव के पास सड़क में दरारें पड़ गईं, जो गहरी हो र्गइं। इसका पता चलने पर कार्यदायी संस्था के पदाधिकारियों ने टीम मौके पर भेजी और मरम्मत का कार्य शुरू कराया।
अंबाला-देहरादून हाईवे पर सहारनपुर में बाईपास का निर्माण हुआ, जो बीते वर्ष की पूर्ण हुआ था और वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई थी। इसके बाद से ही निर्माण को लेकर सवाल उठते रहे हैं। पूर्व में भी सड़क में जगह जगह दरार पड़ गई थी, जिन्हें मरम्मत कर ठीक कराया गया था। वहीं, मंगलवार को भी लाखनौर से गागलहेड़ी की तरफ नन्हेड़ा गांव के पास सड़क में चौड़ी दरारें पड़ गईं। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत में जुट गई। फिलहाल सड़क को उधेड़ा जा रहा है, जिसके चलते एक साइड में वाहनों की आवाजाही भी बंद कर दी गई है। इस कारण वाहन चालकों को करीब दो किलोमीटर दूरी से घूमकर जाना पड़ रहा है। गौरतलब है कि पूर्व में बाईपास के तहत बनाए गए ओवरब्रिज की दीवारों में लगे पैनल भी खिसक गए थे, जिन्हें बाद में बोल्ट लगाकर रोका गया था। इन कारणों से बाईपास के निर्माण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बाईपास का निर्माण बिल्ड ऑपरेट ट्रांसफर यानी बीओटी पर आधारित है, मरम्मत कार्य कराने की जिम्मेदारी फर्म की है। जहां भी सड़क में दरार आई है, उसे ठीक कराया जा रहा है। -- प्रदीप गोसाईं, प्रोजेक्ट मैनेजर, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण
- सहारनपुर बाईपास पर सड़क की मरम्मत के लिए खोदाई कर डाला गया मलबा- फोटो : SAHARANPUR