सहारनपुर जिले के छुटमलपुर में प्रेमिका द्वारा शादी करने से मना करने और उसके भाईयों द्वारा भला बुरा कहने पर क्षुब्ध युवक ने प्रेमिका के घर जाकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के भगवानपुर थाने के गांव मंडावर निवासी अंकित (22) पुत्र रामनाथ सैनी और सहारनपुर के फतेहपुर थाने के गांव भटपुरा निवासी अनुसूचित समाज की युवती भगवानपुर क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करते थे। अंकित के पिता रामनाथ द्वारा थाने में दी तहरीर के अनुसार अंकित और युवती के बीच प्रेम प्रसंग था और दोनों शादी के लिए तैयार थे।
आरोप है कि युवती के दोनों भाई शादी का विरोध कर रहे थे। शनिवार की शाम अंकित भटपुरा पहुंचा जहां युवती और उसके भाईयों ने उसके साथ गलत व्यवहार किया। इससे क्षुब्ध होकर उसने जहर खा लिया। हालत गंभीर होने पर युवती के भाई उनके बेटे को बाइक पर बैठा कर मंडावर गांव के बाहर क्वांटम कॉलेज के सामने छोड़ कर फरार हो गए। उसके शरीर पर चोटों के निशान भी थे।
गांव के युवक की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे और अंकित को गंभीर हालत में लेकर सहारनपुर अस्पताल पहुंचे। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर अपने घर आ गए। रविवार की सुबह वे भगवानपुर थाने की पुलिस चौकी मंडावर पहुंचे। जहां की पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसका रुड़की में पोस्टमार्टम कराया।
देर शाम अंतिम संस्कार करने के बाद मृतक के परिजन भगवानपुर विधायक ममता राकेश, ग्राम प्रधान वेदपाल सैनी, डॉ देवराज पुंडीर और प्रवीण राणा के साथ फतेहपुर थाने पहुंचे। जहां तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। उधर थानाध्यक्ष सतेंद्र नागर ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।