बेहट (सहारनपुर)। दिल्ली-यमनोत्री हाईवे पर थाना मिर्जापुर क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक पुलिया से टकराने के बाद खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार हरियाणा निवासी तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हादसा रविवार की दोपहर करीब दो बजे हुआ। हरियाणा के जनपद यमुनानगर के थाना प्रताप नगर के गांव भूड़ कलां निवासी गौरव (26) पुत्र मलखान, मुस्तकीम (30) पुत्र जुल्फान और इसरार (27) पुत्र नसीम मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव कासमपुर में शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। वहां से तीनों युवक बाइक से मिर्जापुर आ रहे थे। पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक तेज गति होने के चलते अनियंत्रित होकर हाईवे पर बनी पुलिया से टकराने के बाद गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना मिर्जापुर पुलिस को दी। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
मिर्जापुर में हाईवे पर हुए दर्दनाक हादसे की वजह बाइक की तेज रफ्तार रही। युवक तेज रफ्तार से बाइक चला रहे थे। मिर्जापुर के पास पुलिया पर हल्का सा घूम है, जब उनकी बाइक पुलिया की तरफ घूमी तो तेज रफ्तार होने के चलते वह कंट्रोल नहीं हो पाई और अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने के बाद खाई में जा गिरी। बाइक सवारों ने हेलमेट भी नहीं पहना हुआ था। यदि हेलमेट होता तो शायद युवकों की जान बच जाती।
नवंबर में तीसरा हादसा, बाइक सवार तीन युवकों की हुई मौत
नवंबर माह में तीसरा हादसा है, इसमें एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत हुई है। दीपावली से पहले देहरादून अंबाला हाईवे के गागलहेड़ी बाईपास पर नागल थाना क्षेत्र के गांव भिक्खनपुर निवासी तीन युवकों की मौत हो गई थी। बड़ी दीपावली की शाम तीतरो मार्ग पर हुई दुर्घटना में बाइक सवार गंगोह निवासी तीन युवकों की मौत हो गई थी।
बेहट के मिर्जापुर में हादसे के बाद हाईवे पर लगी भीड़- फोटो : SAHARANPUR