- गांधी पार्क मैदान में दीपावली मेले की तैयारियों के लिए बैठक करते नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। नगर निगम की ओर से दीपावली मेले का आयोजन किया जा रहा है। 28 अक्तूबर से तीन नवंबर तक चलने वाले मेले में एक ओर जहां भंगड़ा, हरियाणवी नृत्य और महाराष्ट्र का लोक नृत्य होगा, वहीं कई प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। मेले की तैयारियों को लेकर नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने समीक्षा बैठक की।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मेले में हरियाणवी, महाराष्ट्र और पंजाबी नृत्य के अलावा सोलो डांस, रंग यात्रा, किड्स शो और नुक्कड़ नाटक होंगे। रंगोली प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। मेला 28 अक्तूबर से तीन नवंबर तक गांधी पार्क मैदान में लगेगा, जबकि तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम जनमंच में होंगे। मेले का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन कर स्वागत गीत व गणेश वंदना से होगा। आजादी के अमृत महोत्सव के दृष्टिगत देश की आन-बान और शान के प्रतीक तिरंगे की उपस्थिति भी उद्घाटन समारोह में रहेगी। देशभक्ति, स्वच्छता और मिशन शक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष रूप से कराए जाएंगे। मेले का उद्देश्य भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देना है, साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत ऋण लेने वाले पटरी दुकानदारों व वेंडरों की आय बढ़ाने के लिए उन्हें एक प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है। दीपावली मेले में पटरी दुकानदारों के अलावा फूड्स, वुड कार्विंग व खेल खिलौनों, कान्हा गोशाला में गाय के गोबर व मूत्र से निर्मित उत्पादों तथा डिजिटल लेने देन की जानकारी भी दी जाएगी। बैठक में सुषमा बजाज, रश्मि टेरेंस, शिवानी सिंघल, जसलीन कौर, मदन भारती, दिनेश तेजान आदि मौजूद रहे।
मैदान कर रहे समतल, हो रही सफाई
गांधी पार्क मैदान में दीपावली मेला लगाने की तैयारी शुरू हो गई हैं। नगर निगम की टीम जेसीबी के माध्मय से मैदान के गड्ढों को भरने और समतल करने में जुटी है तो सफाई कार्य भी कराया जा रहा है। इस मैदान पर कई जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, उन्हें भी हटवाया जा रहा है।