बेहट के सलेमपुर गदा में मृतक युवक के घर के बाहर जमा भीड़
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट (सहारनपुर)। संदिग्ध परिस्थितियों में हिमाचल प्रदेश के ऊना में मजदूरी पर गए एक युवक की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि उसके साथी शव को उनके घर फेंककर गए हैं। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव सलेमपुर गदा निवासी शाहजान (18) करीब एक माह पूर्व गांव के कुछ युवकों के साथ हिमाचल प्रदेश के ऊना में मजदूरी करने पर गया था, वहां उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के भाई शाहबान का आरोप है कि रविवार की रात में शाहजान का शव उसके साथ गए युवक उनके घर फेंककर चले गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों का आरोप है कि शाहजान की हत्या की गई है। उसके भाई ने पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाकर कोतवाली में तहरीर दी। उधर, सीओ रामकरण सिंह ने कहा युवक की मौत हिमाचल प्रदेश में हुई है। इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने बताया पंचायत नामा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट हिमाचल प्रदेश के संबंधित थाने को भेजी जाएगी।
मृतक शाहजान का फ़ाइल फोटो- फोटो : SAHARANPUR