प्राथमिक विद्यालय हीराहेड़ी के कमरा नंबर-01 में महिलाओं ने किया 94.48 फीसदी मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। बेहट विधानसभा सीट के 182 मतदेय स्थलों पर महिला मतदाता वोट डालने में पुरुषों से आगे रहीं। गांव हीराहेड़ी के प्राथमिक विद्यालय के कमरा नंबर-01 पर महिलाओं ने सबसे अधिक मतदान किया। यहां पुरुषों का मतदान प्रतिशत 93.99 रहा जबकि महिलाओं ने 94.48 फीसदी वोट डाले।
मतदान के बाद जहां तमाम प्रत्याशी जीत-हार के आंकड़ों में उलझे हैं। वहीं, चर्चा बेहट विधानसभा सीट पर महिलाओं द्वारा 182 पोलिंग बूथों पर पुरुष मतदाताओं से अधिक मतदान करने की हो रही है। लोकतंत्र के महापर्व में आधी आबादी की जागरूकता की सराहना हो रही है। बेहट विधानसभा सीट पर 439 मतदेय स्थल हैं। इस विधानसभा सीट पर 75.49 प्रतिशत मतदान हुआ। इस सीट पर महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 76 हजार 925 है। इनमें से 1 लाख 33 हजार 348 महिला मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। विधानसभा सीट पर सर्वाधिक मतदान वाले बूथ गांव हीराहेड़ी के प्राथमिक विद्यालय कमरा नंबर-01 पर 181 महिला मतदाता हैं। इनमें से 171 ने मताधिकार का प्रयोग किया।
महिलाओं के अधिक मतदान वाले पांच बूथ
मतदेय स्थल मत प्रतिशत
प्राथमिक विद्यालय हीराहेड़ी कमरा नंबर- 01 94.48
प्राथमिक विद्यालय रूहालका कमरा नंबर- 02 91.97
उच्च प्राथमिक विद्यालय फैजाबाद कमरा नंबर- 01 91.55
प्राथमिक विद्यालय टोडरपुर कमरा नंबर- 03 90.07
प्राथमिक विद्यालय कांशीपुर नौगांवा कमरा नंबर- 01 90.04