कलेकट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम अखिलेश सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि 24 अप्रैल से एक मई तक किसान भागेदारी, प्राथमिकता हमारी, अभियान चलाया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पाने वाले किसानों, (जिनके पास किसान क्रेडिट कार्ड नहीं है) के केसीसी बनाए जाएंगे। साथ ही उन्हें अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुडे़ किसानों को अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा। इनमें अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना आदि योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने मत्स्य पालकों और पशुपालकों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड अभियान को भी दोबारा शुरू कर दिया है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और बैंकों को इस कार्य में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 24 अप्रैल को सभी ग्राम पंचायतों को संबोधित करेंगे। इस दौरान अग्रणी बैंक प्रबंधक संतोष कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।