पूर्व विधायक इमरान मसूद के साथ कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हुए सहारनपुर देहात से विधायक मसूद अख्तर भी सियासी संकट में फंस गए हैं क्योंकि, सपा में उनकी न मर्जी चली और न ही अर्जी। चर्चा है कि वह दोबारा कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। वहीं, पूर्व विधायक इमरान मसूद के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। उनके चुनाव लड़ने की स्थिति भी स्पष्ट नहीं हो रही है।
पिछले दिनों कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव पूर्व विधायक इमरान मसूद कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हुए थे। उनके साथ सहारनपुर देहात विधायक मसूद अख्तर भी सपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी में थे। माना जा रहा था कि इमरान मसूद बेहट से सपा के टिकट पर चुनाव लडे़ंगे और देहात से मसूद अख्तर को टिकट दिलवाएंगे, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। बेहट सीट पर सपा ने उमर उली खान को और देहात से आशु मलिक को चुनाव चिह्न दे दिया है।
इस दौरान इमरान मसूद ने बसपा से टिकट लेने की कवायद की, लेकिन उसमें भी वह अभी तक सफल नहीं हो पाए। इमरान मसूद के सामने यह स्थिति तब बनी है, जब कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें पूरा सम्मान दिया हुआ था, लेकिन छह माह से सपा की पैरवी कर रहे इमरान मसूद को टिकट न मिलने पर बड़ा झटका लगा है।
सियासी गलियारों में यह भी चर्चाएं हैं कि इमरान बसपा से नकुड़ सीट से भी चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन अभी तक इमरान ने पूरी तरह से चुप्पी साध रखी है। वहीं, विधायक मसूद अख्तर के कांग्रेस में दोबारा आने की अटकलें भी तेज हैं। बताया गया है कि 21 जनवरी को बैठक के बाद विधायक मसूद अख्तर कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा कर सकते हैं। हालांकि, अभी इस पर बोलने से विधायक और कांग्रेस पदाधिकारी बच रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कमाल की बात: करोड़पति हैं प्रसन्न चौधरी, फिर भी नाम नहीं कोई वाहन, शपथ पत्र में ऐसे दर्शाया अपनी संपत्ति का ब्योरा
कांग्रेस उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर मंथन जारी
कांग्रेस प्रत्याशी घोषित करने में सब से पीछे चल रही है। हालांकि जनपद की सातों विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर मंथन जारी है। भाजपा पूरी तरह अपने पत्ते खोल चुकी है। वहीं, सपा और बसपा के प्रत्याशी भी लगभग तय हो गए हैं। आजाद समाज पार्टी ने जातीय समीकरण को साधकर सात में से पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए, लेकिन कांग्रेस की स्थिति स्पष्ट नहीं हो रही है। वहीं, राजनीतिक जानकारों की माने तो सपा व बसपा के प्रत्याशियों की घोषणा होते ही कांग्रेस भी अपने पत्ते खोलेगी। जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली का कहना है कि दो दिन में उम्मीदवारों की घोषणा हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: बसपा की दूसरी सूची जारी: जानिए पश्चिमी यूपी में किसे कहां से मिला टिकट, कई प्रत्याशी बदले भी गए